सिंगर, कंपोजर, सॉन्ग राइटर मीका सिंह का आज जन्मदिन है। बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह अपने गानों के साथ-साथ विवादों की वजह से भी सुर्खियों में बने रहते हैं। कभी राखी सावंत की 'किस कंट्रोवर्सी', तो कभी स्टेज पर फैन को थप्पड़ मारने जैसी घटनाओं के साथ जुड़े हुए इस फनकार के बारे में जानें कुछ खास बातें और देखें मीका के सुपरहित गानें...
पर्सनल लाइफ
मीका सिंह का जन्म 10 जून 1977 को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में हुआ था। मीका के पिता अजमेर सिंह और मां बलबीर कौर स्टेट लेवल के रेसलर थे। मीका का असली नाम 'अमरीक सिंह' है और मीका अपने 6 भाइयों में सबसे छोटे हैं। मशहूर सिंगर दलेर मेहंदी मीका के बड़े भाई हैं। महज 8 साल की उम्र से ही मीका की गायन शिक्षा शुरू हो गई थी। 12 साल की उम्र में तबला और हारमोनियम बजाना सीख गए थे और 14 साल की उम्र में मीका ने गिटार बजाना शुरू कर दिया था। शुरुआती दिनों में मीका कीर्तन गाया करते थे लेकिन 1998 में आए उनके गाने 'सावन में लग गई आग' ने मीका को एक पहचान दिलवाई। पहली एलबम की सफलता के बाद मीका ने 'गबरू', 'दुनाली', 'समथिंग समथिंग ' और 'इश्क ब्रांडी' एलबम लॉन्च किए। मीका ने 2006 में फिल्म 'प्यार के साइड इफेक्ट्स' का गीत 'दिल तोड़ के ना जा (रीमिक्स)' गाया था और उसके बाद एक से बढ़कर एक गाने गाकर उन्होंने काफी नाम कमाया। मीका ने सलमान खान, शाहरुख खान, अक्षय कुमार जैसे बड़े बॉलीवुड सुपरस्टार्स के लिए भी कई गाने गाए।
इन विवादों में घिर चुके हैं मीका सिंह
मीका-राखी किस कांड
मीका सिंह पहली बार उस वक्त विवादों में फंसे जब उन्होंने एक पार्टी के दौरान एक्ट्रेस राखी सांवत को सबके सामने किस किया था। साल 2006 में मीका सिंह की बर्थडे पार्टी चल रही थी। उस दौरान राखी सावंत भी वहां मौजूद थीं। केक काटते वक्त मीका राखी को जबरदस्ती किस करने लगे। पार्टी में मौजूद सभी लोग हैरान थे कि ये अचानक होने क्या लगा। राखी ने उस वक्त मीका पर जबरदस्ती किस करने का आरोप लगाया। राखी मीका का यह किस लंबे समय तक चर्चा में रहा और इसकी वजह से मीका काफी विवादों में रहे थे।
कस्टम चोरी का आरोप
मीका सिंह पर कस्टम चोरी के भी आरोप लग चुके हैं। साल 2013 में उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर रोक लिया गया था। मीका बैंकाक से मुंबई आते वक्त तय सीमा से ज्यादा की विदेशी मुद्रा लेकर आ रहे थे, हालांकि, बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।
डॉक्टर को जड़ा था थप्पड़
साल 2015 में दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम में मीका सिंह ने एक डॉक्टर को थप्पड़ मार दिया था। आरोप था कि डॉक्टर मना करने के बावजूद फीमेल क्राउड के साथ आकर डांस कर रहा था। गुस्साए मीका ने सरेआम लाइव इवेंट में उन्हें थप्पड़ जड़ दिया था।
अश्लील फोटो भेजने का आरोप
मीका सिंह को दुबई पुलिस ने पिछले साल इसलिए गिरफ्तार किया था क्योंकि उन पर आरोप लगा था कि वह एक नाबालिग लड़की को अश्लील फोटो भेज रहे थे। मीका पर ब्राजील की एक नागरिक ने यौन शोषण का आरोप लगाया था।